यूपी बोर्ड परीक्षा में एक केंद्र पर परीक्षा से पूर्व पेपर लीक कराने कर शिकायत झूठी पाई गई। एक केंद्र पर एडीएम ने दो घंटे तक बैठकर परीक्षा संपन्न कराई।
मधुबन क्षेत्र के एक परीक्षा केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट के समय से न पहुंचने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश डीएम ने दिए। एक अन्य परीक्षा केंद्र पर एक परीक्षार्थी की जगह परीक्षा देते एक युवक को पकड़ा गया। उसे पुलिस हिरासत में दे दिया गया।
जिलाधिकारी चंद्रकंात पांडेय को किसी ने फोन पर शिकायत की कि रानीपुर ब्लाक लीलावती सुदेश्वरी इंटरमीडिएट कालेज स्थित परीक्षा केंद्र पर परीक्षा प्रारंभ होने से पहले ही प्रश्नपत्र आउट होने की अफवाह फैल गई।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने अपर जिलाधिकारी समीर वर्मा को वहां भेजा। एडीएम ने परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्र पर पहुंचकर संबंधित विषयों के प्रश्नपत्रों के बंडल चेक किया लेकिन सभी सुरक्षित मिले।
एडीएम ने निर्धारित समय पर अपने सामने प्रश्नपत्रों के बंडल खुलवाए। एडीएम ने केंद्र पर दो घंटे बैठकर हालात पर नजर रखी।
इसी केंद्र पर एक युवक अन्य परीक्षार्थी की जगह बैठकर परीक्षा देता हुआ पकड़ा गया। उसे रानीपुर पुलिस चौकी की हिरासत में दे दिया गया।
उधर मधुबन क्षेत्र के सेक्टर मजिस्ट्रेट ने डीएम को बताया कि बाबा साहब इंटर कालेज खैरा नसीब में स्टेटिक मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात एबीएसए परीक्षा केंद्र पर नहीं पहुंचे।
डीएम ने उनके विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति दी है। जिलाधिकारी चंद्रकांत पांडेय ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित नहीं होने वाले स्टेटिक मजिस्ट्रेटों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिले में नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह कटिबद्ध है। नकल की शिकायत वाले परीक्षा केंद्रों को काली सूची में डाला जाएगा।