मऊ। बीएचयू के पुरातन छात्रों की तरफ से रविवार को नगर के मैरेज हाल में महामना मदन मोहन मालवीय की जयंती पर दीपोत्सव तथा मिलन समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य अतिथि छपरा विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति हरिकेश सिंह तथा संयुक्त शिक्षा सचिव योगेंद्र कुमार सिंह ने किया। इस दौरान पुरातन छात्रों को सम्मानित किया गया।
पवन चौबे ने मनमोहक गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरूआत की।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि हरिकेश सिंह ने पंडित मदन मोहन मालवीय के देश के प्रति योगदान को याद करते हुए कहा कि महामना ने भारत माता की सेवा में अपना पूरा जीवन लगा दिया।पंडित मदन मोहन मालवीय महान शिक्षाविद, बेहतरीन वक्ता तथा राष्ट्रीय नेता थे। योगेंद्र कुमार सिंह कहा कि पंडित मदन मोहन मालवीय ने देश में शिक्षा के एक बड़े केंद्र बनारस हिंदू विश्वविद्यालय की स्थापना की है।
उन्हें सम्मानपूर्वक महामना के नाम से जाना जाता है। पंडित मालवीय ने जिस समर्पण और विचार मूल्यों के साथ देश में राष्ट्रीयता की नींव रखी वह हर देशवासियों के लिए अनुकरणीय है।इस अवसर पर डॉ. मंगला सिंह, डॉ. एस सी तिवारी, डॉ. सरफराज, डॉ. राहुल राय, नीलेश राय भोलू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन डॉ. आराधना राय तथा शेषनाथ चौहान ने किया।