मऊ। अब जनपद के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पंचायती राज व्यवस्था के तहत सैनिटाइजेशन कराया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रत्येक सप्ताह में दो दिन शनिवार और रविवार को चलाया जाएगा। इसी क्रम में सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक भवनों तथा उनके परिसरों को रविवार को विसंक्रमित किया गया। कीटरोधी घोल का छिड़काव किया गया। पूरे परिसर में नालियों और खुले स्थानों पर छिड़काव किया गया।
गांवों में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए शासन की ओर से विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। इसके अनुपालन में पंचायती राज विभाग की ओर से गांवों में स्वच्छता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। अब शासन ने इसमें और वृद्धि करते हुए सप्ताह के दो दिन शनिवार और रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा सामुदायिक भवनों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का निर्देश दिया है।
इस निर्देश के अनुपालन में रविवार को सभी पीएचसी और सीएचसी पर सैनिटाइजेशन कराया गया। इस बाबत जिला पंचायती राज अधिकारी घनश्याम सागर ने बताया कि शासन के निर्देश पर पीएचसी सीएचसी और सामुदायिक भवनों पर शनिवार और रविवार को सैनिटाइजेशन कराना है। रविवार को सभी पीएचसी, सीएचसी पर सैनिटाइजेशन कराया गया।