मऊ। दोहरीघाट विकास खंड क्षेत्र के सियरही वर्जला गांव में पंचायत सहायक के पद पर कार्यरत माया कुमारी ने मंडलायुक्त आजमगढ़ सहित जनपदस्तरीय अधिकारियों को पत्र भेज कर गुहार लगाई है। उन्होंने गांव के ग्राम प्रधान और सचिव पर आरोप लगाया है कि वह पैसा लेकर मुझे हटाने की साजिश रहे हैं। बिना किसी नोटिस के पद से हटाने की साजिश रची जा रही है।
पत्र में उन्होंने आगे लिखा है कि दोहरीघाट खंड क्षेत्र के सियरही वर्जला गांव में पंचायत सहायक (डाटा एंट्री ऑपरेटर) के पद पर तैनात माया कुमारी पुत्री अच्छेलाल का चयन वर्ष 2021 में हुआ था। माया कुमारी का आरोप है कि वर्तमान में बिना किसी पूर्व नोटिस जारी किए पद से हटाए जाने की ग्राम प्रधान और सचिव की तरफ से साजिश रची जा रही है। साथ ही एक दूसरी महिला की नियुक्ति के आवेदन को अग्रसारित किया जा रहा है। इनका आरोप है कि ग्राम सचिवालय के संचालन को ग्राम प्रधान और सचिव की ओर से ताला लगाकर पंचायत राज विभाग की ओर से जारी ई-उपस्थिति एप पर किसी सफाई कर्मचारी का मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड कर माया कुमारी को पंचायत भवन के साथ-साथ उपस्थिति दर्ज करने से भी वंचित कर दिया गया है। पत्र में यह भी लिखा है कि खंड विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित विभागीय अधिकारियों को लिखित शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।
पंचायत सहायक माया कुमारी ने एक माह काम किया। मानदेय भी दिया गया था। एक माह बाद डीएलएड में एडमिशन ले लिया। इसके बाद विभागीय प्रक्रिया पूरी कर इनके स्थान पर दूसरी महिला की तैनाती कर दी गई।
ऋतु भारती, ग्राम प्रधान
पंचायत सहायक पद पर कार्यरत माया कुमारी की ओर से अपने दायित्व ही निर्वहन नहीं किया जाता है। यह ग्राम पंचायत स्तर का मामला है।
कमलेश राय, खंड विकास अधिकारी