मऊ। सावन की आखिरी सोमवारी के मौके पर नगर सहित जिले के प्रमुख शिवालयों, मंदिरों में भक्तों का मजमा लगा। भारी जनसैलाब के रूप में मंदिरों में उमड़े शिव भक्तों तथा कांवरियों ने विधि विधान से भगवान शंकर का जलाभिषेक किया। साथ ही बेलपत्र दूध आदि चढ़ा कर मत्था टेका। इस मौके पर हर-हर महादेव के जयकारे से देवालय गूंज उठे। इस बीच लोगों ने पूरे दिन भगवान का व्रत रखा। साथ ही सुख और समृद्घि की कामना की। इस बीच कई स्थानों पर आयोजित भक्ति गीतों की धुनों पर शिव भक्त जमकर झूमे। सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर सबसे ज्यादा भीड़ नगर के पावर हाउस कोलानी स्थित श्रीराम मंदिर और कतुआपुरा पश्चिम स्थित शिवमंदिर, शीतला माता धाम में नजर आई। भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे ।
इस मौके पर नगर के आजमगढ़ मोड़, मठिया टोला, कतुआपुरा पूरब, भीटी, रोडवेज, वनदेवी धाम, हनुमान घाट, औरंगाबाद, ढेकुलियाघाट और फातिमा मोड़ आदि स्थानों पर स्थापित शिव मंदिरों में भी भक्तों का मजमा लगा रहा। सोमवार को भक्तों ने अपने घरों में भी यज्ञ और हवन किया। उधर दूसरी ओर गाजीपुर से गंगा जल लेकर चले भक्त सोमवार को पैदल ही वापस लौटे और यहां स्थित शिवालयों में बोल बम के जयकारे के साथ जलाभिषेक किया। इस बीच मंदिरों में पूरे दिन भजन कीर्तन का क्रम जारी रहा। मधुबन संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के शिवपुर पाती शिवमंदिर सहित विभिन्न इलाकों में स्थित मंदिरों पर सावन के अंतिम सोमवार को दूर-दूर से आए भक्तों ने दर्शन पूजन किया और मन्नतें मांगी। सोमवार को यहां गाजीपुर, आजमगढ़, बलिया, देवरिया, गोरखपुर आदि जिलों से आए लोगों ने भी मत्था टेका। ऐसे में पूरे दिन मंदिर परिसर के पास मेले जैसा दृश्य नजर आया।
दोहरीघाट संवाददाता के अनुसार क्षेत्र स्थित झारखंड मंदिर, गोठा पाताल नाथ शिवलिंग, पत्तनई गौरीशंकर मंदिर, महादेव मंदिर, पंचमुखी शिवलिंग, दोहरीघाट सहित विभिन्न इलाकों के मंदिरों में तड़के से ही भक्तों का रेला लगा रहा। बाबा बर्फानी की शोभा यात्रा सोमवार को एक विशाल हिम शिवलिंग बनाकर एक ट्रैक्टर पर रखी गई, जो पूरे नगर का भ्रमण करते हुए पुन: रामघाट पर आकर समाप्त हुई। शोभायात्रा में जहां गाजा बाजा के साथ भक्तों का रेला लगा रहा।
कस्बा स्थित मुक्तिधाम रोड पर स्थित प्राचीन शिवमंदिर प्रागण में बाबा अमरनाथ बर्फानी सेवा मंडली के तत्वावधान में नि:शुल्क भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर अपने जीवन को धन्य किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सुरेश जायसवाल, जयचंद मद्धेशिया, जुगुल किशोर, उमेश साहू,ऋषभ,साहू, प्रमोद, सोमपाल,मनीष जायसवाल, संदीप गुप्ता आदि का विशेष योगदान रहा।रानीपुर संवाददाता के अनुसार सावन के अंतिम सोमवार को क्षेत्र के काझा, रामवन कुटी स्थित शिव मंदिर, ब्राह्मणपुरा, खुरहट, पलिगढ़, रानीपुर, धर्मसीपुर सहित विभिन्न गांवों में स्थित शिवालयों और मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का रेला लगा रहा। शिवभक्तों ने मंदिरों में स्थापित शिवलिंग पर बेलपत्र, अक्षत, दूध आदि से भगवान शंकर का पूजन अर्चन किया। कांवरियों के बोलबम के जयकारे से मंदिर परिसर गूंज उठा।
घोसी संवाददाता के अनुसार सावन के आखिरी सोमवारी के अवसर पर कस्बा के बड़ागांव पूर्वी मोहल्ला स्थित शिवमंदिर, रेलवे परिसर स्थित शिवमंदिर, मझावारा मोड़ स्थित नरोखर पोखरा शिवमंदिर, कस्बा घोसी पश्चिमी मोहल्ला स्थित शिवमंदिर के साथ पकड़ी रोड स्थित शारदा मंदिर, तिलईबुजुर्ग गांव स्थित शिवमंदिर, हाजीपुर स्थित 12सदी के प्राचीन शिवमंदिर के साथ अन्य मंदिरों में जल चढ़ा कर भगवान शिव की पूजा अर्चना किया।वही घरों से भी जल लेकर बड़ी संख्या में महिला,पुरुषों ने जल,बेलपत्र,धतूरा, रोरी आदि के साथ पूजा किया।शिव भक्त जुलूस में महावीर विश्वकर्मा, सुनीत विश्वकर्मा,बब्बन गोंड़,अरविंद कुमार, प्रमोद चौधरी, विनय राजभर,सचिन पटवा,आशीष,राजेश विश्वकर्मा, अंकित मिश्रा आदि रहे।
दोहरीघाट कस्बे में हर साल की भांति इस वर्ष भी विशाल विशाल हिमशिवलिंग की शोभा यात्रा में पूरा नगर उमड़ पड़ा। दर्शन पूजन करने के लिए होड़ लग गई ।बाबा बर्फानी की शोभा यात्रा सोमवार को विशाल हिम शिवलिंग बनाकर एक ट्रैक्टर पर रखी गई जो पूरे नगर का भ्रमण करते हुए पुन: रामघाट पर आकर समाप्त हुई। शोभायात्रा में जहां गाजा बाजा के साथ भक्तों का रेला लगा रहा। वहीं हिमशिवलिंग के दर्शन पूजन करने के लिए कतारबद्ध होकर लोग अपनी बारी की प्रतीक्षा कर रहे थे।बोल बम के नारों से पूरा नगर शिवमय हो गया। शोभायात्रा में पूर्व चेयरमैन गुलाबचंद गुप्त, रोशन मद्धेशिया, राहुल वर्मा, गोलू वर्मा, चंदन, अमीचंद, श्याम बाबा आदि मौजूद रहे।
दोहरीघाट बाबा औघड़ बाबा सेवा समिति की तरफ से कसबा मे सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें मां विंध्यवासिनी भजन संध्या समिति के कलाकारों ने दूर दराज से आए हुए कावरियों व नगर वासियो को अपने भक्ति गीतों से लोगो को झूमने पर मजबूर कर दिया।वहीं गायक चंदन व गोपी के गीतों पर देर रात श्रोता नाचते रहे।बम बम बोल रहा है काशी के गीत पर लोग नृत्य करते रहे। इस अवसर पर आयोजित नि:शुल्क भंडारे में हजारों लोगो ने प्रसाद ग्रहण कर अपने जीवन को धन्य किया।