गिरधारी शर्मा के इनकाउंटर पर अपनी बात रखतीं स्व.अजीत सिंह की पत्नी पूर्व ब्लाक प्रमुख रानू सिंह।
- फोटो : MAU
मऊ/वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के देवसीपुर निवासी पूर्व ज्येष्ठ ब्लाक प्रमुख अजीत सिंह की हत्या के आरोपी गिरधारी उर्फ डाक्टर को सोमवार को लखनऊ में मुठभेड़ में मार गिराए जाने पर अजीत की पत्नी रानू सिंह ने सरकार का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि उनको शासन प्रशासन से न्याय और दोषियों मिलने का भरोसा था।
लखनऊ के कठौता चौराहे पर छह जनवरी को देवसीपुर गांव निवासी पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख अजीत सिंह की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हत्याकांड को अंजाम देने में गिरधारी उर्फ डाक्टर की भूमिका अहम थी। इसके बाद से गिरधारी की तलाश में जुटी पुलिस ने 11 जनवरी को गिरधारी को गिरफ्तार किया। सोमवार की भोर में गिरधारी ने पुलिस कस्टडी से भागने का प्रयास किया। इस दौरान मुठभेड़ में गिरधारी मार गिराया गया। इसकी जानकारी होने पर अजीत सिंह की पत्नी रानू सिंह ने कहा कि मेरे पति के हत्यारे गिरधारी शर्मा को उसके किए की सजा मिल गई। उन्होंने प्रदेश के मुखिया योगी को धन्यवाद ज्ञापित किया। कहा कि शार्प शूटर गिरधारी को मारकर पुलिस ने उन्हें ही नहीं बल्कि अनगिनत पीड़ितों को न्याय दिलाने का काम किया है। उनको प्रशासन से न्याय मिलने की उम्मीद थी जो पूरी हुई। उन्होंने कहा कि पति की हत्या में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द सजा दी जाए।