मऊ। नगरपालिका क्षेत्र के तीन वार्डों की सरकारी जमीनों पर फर्जी अभिलेखों पर 157 खातेदारों के करीब 100 करोड़ रुपये की 11.887 एकड़ से ज्यादा जमीन को उनके मूल खाते में स्थानांतरित करने का आदेश सोमवार को अपर उप जिलाधिकारी और उप जिलाधिकारी न्यायिक सदर कोर्ट ने जारी किया है। सभी भूमियों पर संबंधित खातेदारों द्वारा फर्जी दस्तावेज के माध्यम से गलत तरीके से अपना नाम दर्ज कर लिया गया था, जिसे खारिज करते हुए उक्त भूमियों को वापस उनके मूल सुरक्षित खातों में स्थानांतरित करने के आदेश संबंधित पीठासीन अधिकारियों ने दिया।
नगर के जहांगीराबाद में एक भीटा, सात गाटा 5.98 बीघा, बाहा का तीन गाटा 0.664 बीघा, पोखरी 2.17 बीघा सहित 8.813 बीघा पर नौशाद अहमद, शहाबुद्दीन अंसारी, अफजाल सरवर, फैजुर्रहमान, अंजुम आरा सहित 150 खातेदारों ने फर्जी कूटरचित फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से निकाय की जमीनों पर अपना नाम दर्ज करा कर निर्माण आदि कार्य कर लिया था।
इसी प्रकार नगर के भटकुंआ पट्टी पोखरी एक गाटा 1.67 बीघा पर मौलवी एजाज अहमद, रेयाज अहमद, मुहम्मद अली और भदेसरा में पोखरी के पांच गाटा 8.73बीघा पर विजय कुमार, सूर्य प्रकाश सहित सात खातेदारों ने सरकारी जमीन पर फर्जी दस्तावेज से गलत तरीके से अपना नाम दर्ज कर लिया गया था। शिकायत पर तमाम जांच पड़ताल के बाद न्यायालय मेें मामला चल रहा था।
यह सभी भूमि स्थानीय निकाय नगर पालिका और ग्राम सभा की हैं। अपर उप जिलाधिकारी कोर्ट द्वारा जहांगीराबाद गांव में एक भीटा की कुल 7 गाटा जिनका रकबा 3.69 एकड़ है। एक बाहा तीन गाटा जिसका रकबा 0.41 एकड़ है। इसके अलावा एक पोखरी जो 1.340 एकड़ की है।
इस प्रकार ग्राम पंचायत जहांगीराबाद में कुल 5.44 एकड़ जमीन से संबंधित खातेदारों के नाम खारिज कर ग्राम सभा के खाते में हस्तांतरित की गई है। इसी प्रकार उप जिलाधिकारी न्यायिक के कोर्ट से भटकुंआ पट्टी एवं भदेसरा में क्रमशः एक गाटा जो 1.035 एकड़ और पोखरी के कुल 5 गाटा जिनका रकबा 5.412 है। जमीन को संबंधित खातेदारों का नाम खारिज कर स्थानीय निकाय के खातों में हस्तांतरित करने के आदेश जारी किए गए हैं।
ग्राम पंचायत जहांगीराबाद में लगभग 150 खातेदार थे। भटकुआं पट्टी में तीन और भदेसरा में कुल सात खातेदारों ने फर्जी कूटरचित फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से उक्त स्थानीय निकायों की जमीनों पर अपना नाम दर्ज करा कर निर्माण आदि कार्य कर लिए थे। इस प्रकार अपर उप जिला अधिकारी एवं उप जिलाधिकारी न्यायिक कोर्ट से कुल रकबा 11.887 एकड़ अर्थात 19.25 बीघा की जमीन से संबंधित खातेदारों का नाम खारिज करते हुए संबंधित निकायों के खाते में हस्तांतरित किया गया है। इन जमीनों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 100 करोड़ है।