मऊ। जिलाधिकारी अरुण कुमार ने नगरीय चुनाव के मद्देनजर कंपोजिट विद्यालय बढुवागोदाम तथा डीसीएसके पीजी कॉलेज स्थित बूथों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बूथ पर बीएलओ के अनुपस्थित मिलने पर निलंबित करने का निर्देश दिया।
कंपोजिट विद्यालय बढुवागोदाम पर कुल चार बूथ हैं। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान एक बीएलओ के अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित बीएलओ को निलंबित करने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने वहां पर संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों के साथ कुछ समय व्यतीत किया।
इसके उपरांत उन्होंने शहर स्थित डीसीएसके पीजी कॉलेज के बूथों का निरीक्षण किया, जहां पर सात बूथ बनाये गये हैं। यहां पर सभी बीएलओ उपस्थित मिले। उन्होंने संबंधित बूथों के सुपरवाइजर तथा बीएलओ को प्रतिदिन की डाटा एंट्री अपडेट रखने के निर्देश दिया। साथ ही उसे तहसील पर भी उपलब्ध कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर को निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज कराने के लिए प्रचार प्रसार कराने को भी कहा। जिलाधिकारी ने घर-घर जाकर लोगों को अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवाने के लिये जागरूक भी करने का निर्देश दिया ।उन्होंने मतदाता सूची में नये मतदाताओं को शामिल करने एवं विलोपन कार्य के लिये सर्वे रजिस्टर को आधार बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर हेमंत चौधरी, तहसीलदार सदर संजीव कुमार यादव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।