मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के दरगाह बाजार में मंगलवार की दोपहर तेज रफ्तार पिकअप ने सड़क किनारे बैठी दो महिलाओं को रौंद दिया। हादसे में काली देवी (58) की मौत हो गई और कुसुम (70) गंभीर रूप से घायल हो गईं। चालक घटनास्थल पर पिकअप छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को जिला अस्पताल भिजवाया।
विज्ञापन
कैसे हुआ हादसा
दरगाह निवासी काली देवी मंगलवार की दोपहर अपनी मड़ई के सामने बैठकर बांस की डाल बना रही थीं। सत्संग सुनकर लौट रही थाना क्षेत्र के भैसहां गांव निवासी कुसुम भी वहां पहुंची और डाल का दाम पूछने लगीं। दोपहर करीब एक बजे दोहरीघाट की तरफ से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने दोनों को रौंद दिया और कुछ दूरी पर जाकर रुक गई।
ग्रामीणों को पास आता देख चालक पिकअप छोड़कर भाग गया। स्थानीय लोग निजी वाहन से दोनों महिलाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतहपुर मंडाव लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने काली देवी को मृत घोषित कर दिया और हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शव को जिला अस्पताल भिजवा दिया गया है। पिकअप सीज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।