मऊ। गांवों को हरा-भरा करने, उद्यान विभाग की तमाम योजनाओं को लागू करने और किसानों को सब्जी, बागवानी करने के प्रति प्रेरित करने के लिए जिले के हर ब्लॉक मेें एक-एक गांव को माडल उद्यान गांव बनाया जाएगा। इसके लिए 12 गांवों का चयन कर लिया गया है। उद्यान विभाग की तैयारी है कि विकास खंड की पहचान वहां पैदा की जाने वाली विशेष सब्जी, फल, फूल से हो। ताकि कृषि उत्पादकों का समूह बनाकर उन्हें बड़े बाजारों से जोड़ा जा सके। उद्यान विभाग की तरफ से गांवों को उद्यान गांव के रुप में विकसित करने की कवायद तेज हो गई है। योजना के तहत बड़रांव ब्लाक क्षेत्र के पकड़ी खुर्द, परदहां ब्लाक क्षेत्र के कहिनौर, घोसी ब्लाक क्षेत्र का कल्यानपुर, फतहपुर मंडाव ब्लाक का हसनपुर, कोपागंज ब्लाक क्षेत्र का चोरपाकला, शहरोज, जयसिहपुर, रानीपुर का हुसैनाबाद, रतनपुरा ब्लाक का छिछोर करौदी, मुहम्मदाबादगोहना ब्लाक का पड़ेरुआ सहित 12 गांवों का चयन कर लिया गया है। चयनित गांवों को मॉडल उद्यान गांव बनाने के बाद उन गांवों के अधिकारी गोंद भी लेंगे। जिससे उसकी देखभाल में आसानी हो। अधिकारियों का मानना है कि किसानों की मेहनत तथा विभाग के सहयोग से ब्लॉक के कम से कम एक से दो गांवों को उद्यान माडल गांव के रुप में विकसित किया जाए। जिला उद्यान अधिकारी संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रत्येक ब्लॉक से माडल गांव के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इन गांवों में राज्य औद्यानिक मिशन के साथ-साथ विभाग में संचालित सभी परियोजनाओं को क्रियान्वित किया जाएगा।