अलग-अलग स्थानों पर रविवार को हुई मार्ग दुर्घटनाओं में एक व्यक्ति की जहां मौत हो गई, वहीं 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मुहम्मदाबाद गोहना के हलीमाबाद में एक ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई तो ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। वहीं, सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बड़ागांव के समीप दो टेंपो आपस में भिड़ गए। इसमें 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के हलीमाबाद के निकट रविवार को एक कार ने मऊ की तरफ जा रहे एक बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रक की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वह महरूपुर गांव निवासी मूर सलीम (50) पुत्र मोईन था, जो घर से मऊ जाने के लिए निकला था। घटना की सूचना पाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर थाने लाई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने थाने के सामने सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर किसी प्रकार उन्हें शांत कराया।
पुलिस ने कार चालक को वाहन के साथ गिरफ्तार कर लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रानीपुर संवाददाता के अनुसार रविवार को बड़ागांव के समीप दो टेंपों की आपस में टक्कर हो गई।
हादसे में मुहम्मद हासिम पुत्र अजीजुल हसन निवासी क्यारीटोला, सत्यप्रकाश पुत्र इंद्रजीत निवासी सोनराईच, राजू राजभर पुत्र मंगल निवासी सोनराईच मठिया, इंद्रजीत पुत्र रामबदन निवासी सोनराईच, रागिनी पुत्र हर्षनाथ निवासी बिजुरिया, सोनिया पुत्री अजीउल हसन निवासी पहाड़पुरा, फरहत पुत्री फकरुद्दीन निवासी मुहम्मदाबाद गोहना, रंजना पुत्री हर्षनाथ निवासी बिजुरिया, तेतरी पत्नी सदन निवासी सोनराईच, शकिला पत्नी अजीजुर्रहमान निवासी पहाड़पुरा, श्यामदेवी पत्नी हर्षनाथ निवासी बिजुरिया घायल हो गए।
एक टैंपों मुहम्मदाबाद से मऊ की तरफ जा रहा था तो दूसरा मऊ से खुरहट देईमाई के स्थान पर जा रहा था। टेंपों में पूजा करने के लिए जा रहे थे। घायलों को जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया।