मौके पर मौजूद लोग व मृतक की फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के मांदी-दुल्लह गांव में शनिवार को दो सगे भाइयों के बीच खूंटे को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लाठी डंडे से हमला कर दिया। घटना में गंभीर रूप से घायल बड़े भाई की इलाज के दौरान मौत हो गई। उधर, इससे पहले पुलिस ने सूचना पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल लाकर भर्ती कराया था।
ये है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार मांदी-दुल्लह में निवासी रामभवन पासवान (65) पुत्र किशुन धारी पासवान और रामप्रवेश पासवान (45) पुत्र किशुन धारी दोनों सगे भाई हैं। इनके बीच जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चला आ रहा है। शनिवार की सुबह घर के आगे लगे खूंटे को जब रामभवन पासवान ने उखाड़ने की कोशिश की तो इसका विरोध उसके छोटे भाई ने की।
विरोध कुछ देर में विवाद में बदल गया, जहां दोनों के परिवार इसमें शामिल होकर एक दूसरे पर लाठी डंडे से हमला करने लगे। इस बीच किसी ने पुलिस को विवाद की सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रामभवन, सुभावती (62), धर्मेंद्र (30) और दूसरे पक्ष से रामप्रवेश पासवान (45), गीता (42) , रिंकीं (23), पिंकी (21), प्रियंका (20), अभय (19) को बीच बचाव कर गंभीर रूप से घायल रामभवन को दोहरीघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर भर्ती कराया।
गंभीर चोटिल होने से डॉक्टर ने उसे रेफर कर दिया। जहां आजमगढ़ में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उधर, सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना को लेकर मृतक की पत्नी सुभावती व लड़का धर्मेंद्र ने तहरीर दिया है। इस मामले एसओ दोहरीघाट प्रमेंद्र सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में है, तहरीर मिल चुकी है। पुलिस संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कारवाई करेगी।