मऊ। सख्त निर्देश के बाद भी जिले के कई परिषदीय विद्यालयों में तैनात शिक्षक समय से विद्यालय नहीं पहुंच रहे हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से अलग-अलग तिथियों में मोबाइल से लिए गए लोकेशन से तीन ब्लाकों के पांच विद्यालयों के छह शिक्षक विद्यालय से अनुपस्थित मिले। बीएसए ने लापरवाह शिक्षकों का एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया है। साथ ही एक सप्ताह के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है।शिक्षण व्यवस्था में गुणात्मक सुधार और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति के लिए बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से नामित स्टाफ द्वारा शिक्षकों का प्रतिदिन मोबाइल लोकेशन लिया जाता है। इसमें रानीपुर ब्लाक क्षेत्र के कमथरी स्थित कंपोजिट विद्यालय के अनुदेशक सरोज रजनी 19 जुलाई को पूर्वाह्न नौ बजे अनुपस्थित थे। कोपागंज ब्लाक क्षेत्र के एकौना स्थित कंपोजिट विद्यालय के सहायक अध्यापक महेंद्र नाथ यादव 20 जुलाई को पूर्वाह्न 8.30 बजे अनुपस्थित थे। रानीपुर ब्लाक क्षेत्र के मिर्जापुर स्थित प्राथमिक विद्यालय की सहायक अध्यापक आकांक्षा सिंह 20 जुलाई को पूर्वाह्न 8.44 बजे अनुपस्थित थीं।
इसी तरह रानीपुर ब्लाक क्षेत्र के मिर्जापुर स्थित प्राथमिक विद्यालय की शिक्षामित्र प्रियंका सिंह 20 जुलाई को पूर्वाह्न 8.50 बजे अनुपस्थित थीं। दोहरीघाट ब्लाक क्षेत्र के बेला कसैला स्थित प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक राजेश यादव 20 जुलाई को पूर्वाह्न 8.15 बजे अनुपस्थित थे। रानीपुर अंतर्गत कोड़र स्थित प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक अनीश सिंह 21 जुलाई को पूर्वाह्न नौ बजे अनुपस्थित थे।
इस बाबत बीएसए संतोष कुमार उपाध्याय का कहना है कि कार्य में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाह शिक्षकों को नोटिस जारी किया गया है। संतोषजनक आख्या न मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।