ज्ञानपुर के दूधनाथ मंदिर पर धार्मिक अनुष्ठान करते श्रद्धालु। संवाद
जिले के विभिन्न शिव मंदिरों पर पुरुषोत्तम माह के तीसरे सोमवार को श्रद्धालुओं की भीड़ रही। सुबह ही स्नान ध्यान करके श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। देवाधिदेव महादेव को बेल पत्र के साथ जलाभिषेक करके सुख समृद्ध की कामना की।
ज्ञानपुर के बाबा हरिहर नाथ मंदिर, गोपीगंज के बड़े शिव मंदिर व तिलेश्वर महादेव, सेमराध नाथ मंदिर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। जिले के प्रमुख शिवालय पर करीब 20 हजार श्रद्धालुओं ने मत्था टेका। भोर से ही भगवान शिव के दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।
मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा। गर्मी को देखते हुए अधिकांश श्रद्धालु सुबह के समय ही मंदिर पहुंच गए। सुबह के वक्त मंदिर में अन्य दिनों की अपेक्षा काफी भीड़ रही।
सेमराध नाथ मंदिर पर घंटों भर कतार में खड़े होने के बाद लोगों को भगवान शिव का दर्शन मिला। 11 बजे के बाद मंदिर पर श्रद्धालुओं की संख्या में कमी दिखी। पुलिस की टीम समय समय पर चक्रमण करती रही। हरिहर नाथ के पुजारी आशीष मिश्र ने बताया कि पुरुषोत्तम माह होने के कारण अन्य बार की अपेक्षा इस बार श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक रही। इस माह में दर्शन पूजन करना फलदायी होता है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए सेमराध चौकी प्रभारी ऋषि शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस बल मुस्तैद रहा। पुलिसकर्मियों ने मंदिर परिसर में भीड़ को व्यवस्थित ढंग से नियंत्रित करते हुए श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में सहयोग प्रदान किया।
श्रद्धालु अनीस दूबे, रमेश यादव, कल्लू शुक्ला, मंगला बिंद ने बताया कि सेमराध नाथ मंदिर में प्रत्येक सोमवार को भक्तों की भीड़ होती है। पुरूषोत्तम माह के कारण इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में अधिक है। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।