नगर के हिंदी भवन में शनिवार को जय मां दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें शारदीय नवरात्र के आयोजन की तैयारियों पर चर्चा की गई। समिति के महामंत्री विजय बरनवाल ने बताया कि रविवार को नवरात्र के पहले दिन हिंदी भवन की महारानी का भव्य आगमन होगा। समिति अपने 55वें वर्ष के महोत्सव को विशेष बनाने की तैयारी कर रही है। यह जिले में दुर्गा प्रतिमा के आगमन का पहला आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि मां दुर्गा की आगमन यात्रा मुंशीपुरा ओवरब्रिज से शुरू होकर आजमगढ़ तिराहा और रोडवेज होते हुए हिंदी भवन पहुंचेगी। समिति की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बैठक में कन्हैया तिवारी, अंकुर बरनवाल, अंकित बरनवाल, मीडिया प्रभारी सौरभ बरनवाल, रितेश, विशाल, संतोष और देवानंद सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।