घोसी। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर का समाज से कोई लेना देना नहीं है। उनके लिए पार्टी का मतलब स्वयं, पुत्र और परिवार है। उन्होंने स्वार्थ के लिए सुहेलदेव के सिद्धांतों को छोड़ दिया। वह गोरखपुर से बलिया जाते समय माउरबोझ में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष मुन्ना राजभर के आवास पर विचार रख रहे थे। उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश राजभर ने महाराजा सुहेलदेव जी के नाम पर राजनीति शुरु की लेकिन अपने स्वार्थों के लिए उन्हीं के आदर्शों को छोड़ दिया। कहा कि जो लोग देर से ही आए उनका सम्मान करना चाहता हूं। कहा कि प्रदेश में मऊ के साथ कई नगर पंचायतों का गठन हुआ है। मंत्री ने दावा किया कि प्रदेश की जनता भाजपा के विकास कार्यों, भ्रष्टाचार, अपराधियों के विरुद्ध हो रही कार्रवाई पर संतुष्ट है। इस दौरान अखिलेश राजभर, विश्वनाथ विश्वकर्मा, रघुनन्दन यादव, रामप्रसाद, रामप्यारे, संतोष सिंह, गोविंद राजभर, सूर्यभान, रामदरश आदि रहे।