खबर प्रकाशित होने के बाद शनिवार को परदहां ब्लाक स्थित माडल आवास की साफ-सफाई करते कर्मचारी।संवा
परदहां ब्लॉक परिसर में लाखों रुपये की लागत से निर्मित मॉडल प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास की बदहाल स्थिति को सुधारने की कवायद शनिवार को जिम्मेदारों ने शुरू की। इस दौरान परिसर में साफ-सफाई कर जमा गंदगी के ढेर को हटाया गया।
इस समस्या को लेकर शिकायतों के बाद अमर उजाला में बृहस्पतिवार को ‘कूड़ाघर में तब्दील हुआ मॉडल प्रधानमंत्री आवास’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया गया था।
वित्तीय वर्ष 2020 में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत ब्लॉक परिसर में मॉडल आवास का निर्माण कराया गया था। इसका उद्देश्य ग्रामीणों और लाभार्थियों को योजना के तहत बनने वाले आवासों की गुणवत्ता एवं स्वरूप की जानकारी देना था लेकिन रखरखाव के अभाव में यह भवन उपेक्षा का शिकार हो गया था।
भवन के अंदर कूड़ा-कचरा जमा था, जबकि आसपास झाड़ियां और खर-पतवार उग आए थे, जिससे इसकी उपयोगिता और सुंदरता प्रभावित हो रही थी।
स्थानीय निवासी भगत सिंह, पियूष कुमार, सोनू सहित अन्य लोगों ने कार्रवाई पर संतोष जताते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने भवन के नियमित रखरखाव की भी मांग की, ताकि भविष्य में यह पुन: उपेक्षा का शिकार न हो।