मऊ। किसानों से खाद के नाम पर वसूली अब दुकानदारों को भारी पड़ गई। जिलाधिकारी आनंद वर्धन के निर्देश पर नौ ब्लॉकों में 14 अधिकारियों ने किसान बनकर जिले के सभी विकास खंडों में छापा मारा। इस दौरान निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर खाद बेचते 14 विक्रेता पकड़े गए। सभी के लाइसेंस निलंबित कर बिक्री पर रोक लगा दी गई है।
अमर उजाला द्वारा खाद को लेकर प्रकाशित खबर के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया। जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने बताया कि इस समस्या को लेकर एक गोपनीय जांच कर नौ ब्लॉक में 14 अधिकारियों की टीम बनाई गई। जहां यह अधिकारी सादे वेश में दुकानों पर भेजा। अफसरों ने आम किसान की तरह खाद का दाम पूछा तो दुकानदारों ने तय रेट से अधिक वसूला। इसके बाद टीम ने अपना परिचय देकर कार्रवाई की।
उर्वरक नियंत्रण आदेश के तहत कार्रवाई
डीएम ने बताया कि पकड़े गए विक्रेताओं के खिलाफ उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 के तहत प्रवर्तन कार्रवाई की गई। उनके उर्वरक विक्रय प्राधिकार पत्र निलंबित कर दिए गए हैं। जांच पूरी होने तक वे खाद नहीं बेच सकेंगे। जिलाधिकारी ने सभी विक्रेताओं को कड़ी चेतावनी दी है। कहा, किसानों को निर्धारित मूल्य पर ही खाद दें। शिकायत मिली तो कठोर कार्रवाई होगी।
-
डीएम ने किसानों से की अपील
-खाद खरीदते समय पक्की रसीद जरूर लें।
-बोरी पर अंकित मूल्य से अधिक भुगतान न करें।
-ओवररेटिंग, कालाबाजारी की शिकायत के लिए कंट्रोल रूम 0547-2226271 पर कॉल करें।
जिले में खाद की कोई कमी नहीं है। पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।-आनंद वर्धन, डीएम, मऊ