मऊ। शासन के आदेश के बावजूद मुहम्मदाबादगोहना तहसील में तैनात प्रशासनिक अधिकारी समय से कार्यालय नहीं पहुंच रहे हैं। इससे कर्मचारी भी समय से कार्यालय नहीं पहुंच रहे हैं। अधिकारियों की लेटलतीफी जारी रहने से दूरदराज से आने वाले फरियादियोंं को बैरंग लौटना पड़ रहा है। परेशान लोगों ने अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया, लेकिन मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया।
शासन की तरफ से जनता की समस्याओं को त्वरित निस्तारण करने के लिए आदेश जारी किया गया है। इसके तहत प्रशासनिक अधिकारियों को सुबह 10 बजे से 11 बजे तक जनता की समस्याओं को सुनना है। मुहम्मदाबादगोहना तहसील में तैनात प्रशासनिक अधिकारी नियम को ताक पर रखकर समय से कार्यालय नहीं पहुंच रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालय में न मिलने और समस्या नहीं सुलझने से फरियादी जिला मुख्यालय की दौड़ लगाने के लिए विवश हैं। बृहस्पतिवार को नायब तहसीलदार गौरव शाह 10.46 बजे कार्यालय पहुंचे। तहसीलदार कार्यालय के कक्ष मेें ताला लटकता मिला। उपजिलाधिकारी अभिषेक गोस्वामी सुबह 11.06 बजे कार्यालय पहुंचे।
इस संबंध में मुहम्मदाबादगोहना तहसील क्षेत्र के शिवबचन राजभर, देवंती चौहान, वसीम अहमद, सोनू सिंह का कहना है कि शासन की तरफ से प्रशासनिक अधिकारियों के जनसुनवाई करने के लिए सुबह 10 बजे से 11 बजे तक समय निर्धारित किया गया है। लेकिन मुहम्मदाबादगोहना तहसील में तैनात उपजिलाधिकारी, नायब तहसीलदार, तहसीलदार समय से कार्यालय नहीं आते हैं।
इस बाबत जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र ने बताया कि मुहम्मदाबादगोहना उपजिलाधिकारी को आवश्यक कार्य के लिए जिला मुख्यालय बुलाया गया था। रही बात जनता दरबार न लगाने की तो एसडीएम से जानकारी ली जाएगी। शासन की मंशा के अनुसार प्रतिदिन जनता दरबार लगाना अनिवार्य है।