मऊ। सीएए के साथ नागरिक संशोधन कानून के विरोध में दिसंबर माह में मिर्जाहादी कापुरा तिराहे पर जुटी भीड़ ने जमकर उपद्रव किया। इस दौरान उपद्रवियों ने दक्षिणटोला थाने के साथ बाहर तिराहे पर खड़ी बाइकों को आग के हवाले कर दिया। इसके अलावा जिला और पुलिस प्रशासन पर जमकर पथराव किया था। इस घटना से शहर का अमन प्रभावित हुआ। घटना के बाबत कोतवाली के साथ दक्षिणटोला थाने में तीन मामले दर्ज कर पुलिस ने छह सौ लोगों को आरोपित किया था। इस दौरान तत्कालीन एसपी अनुराग आर्य ने उपद्रव करने में चिहिन्त नौ पर रासुका लगाने की बात कही थी। इसक्रम में पुलिस पूर्व में पांच लोगों का एनएसए में चालान कर चुकी है। छठवें आरोपी पर बृहस्पतिवार को रासुका लगाया गया। एनएसए में निरुद्घ आरोपी शहरयार पुत्र इशरत शहर कोतवाली क्षेत्र के बुलाकीपुरा मुहल्ले का निवासी है। बरवक्त वह जिला कारागार में बंद है। पुलिस प्रशासन की तरफ से शहरयार के विरुद्घ पेश की गई फाइल पर जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम की धारा लगाने की संस्तुति प्रदान की।