मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर ने विकासखंड परदहां में सखी वन स्टॉप सेंटर का का उद्घाटन किया। इससे एक ही छत के नीचे सभी तरह की सुविधाएं मिलेंगी।
विकास खंड परदहां के परिसर में सखी वन स्टॉप सेंटर खोला गया है। यह सेंटर महिला हेल्पलाइन के तौर पर भी काम करेगा। सखी वन स्टॉप सेंटर के जरिये पुलिस, चिकित्सा, काउंसिलिंग, मनोवैज्ञानिक सलाह के अलावा एफआईआर में भी पीड़ित महिलाओं को मदद मिलेगी। सेंटर पर अस्थायी रूप से ठहरने की भी व्यवस्था की गई है।
महिला हेल्पलाइन के लिए टॉल फ्री नंबर 181, 1090, 1076, 112, 1098, 102 एवं 108 शुरू किया गया है। खासकर दुष्कर्म पीड़ित, एसिड अटैक पीड़ित महिलाओं को विशेष सुविधा मिलेगी। हेल्पलाइन के कर्मी ने बताया कि महिला हेल्पलाइन व सखी वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से सामाजिक रूप से पीड़ित महिलाओं को सहायता प्रदान की जाएगी।
घरेलू हिंसा से पीड़ित, यौन अत्याचार या समाज में बेदखल कर दी गईं महिलाओं को पूरी सुरक्षा व संरक्षण मिलेगा। इसके अलावा अल्पावधि के लिए आश्रय देने की भी व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि यह सेंटर 24 घंटे काम करेगा। यहां पुलिस विभाग की महिला पदाधिकारी, महिला मेडिकल स्टाफ, आवश्यकतानुसार महिला चिकित्सक की व्यवस्था की जाएगी।
इस अवसर पर जिला प्रोवेशन अधिकारी समर बहादुर सरोज, जिला समाज कल्याण अधिकारी अनुज कुमार, उप कृषि निदेशक एसपी श्रीवास्तव, जिला उद्यान अधिकारी संदीप गुप्ता आदि शामिल रहे।