मऊ। जिले के माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का हर माह टेस्ट होगा। हर महीने आयोजित होने वाली परीक्षा में छात्र-छात्राओं से बहुविकल्पीय प्रश्नों के अलावा दीर्घ उत्तरीय प्रश्न भी पूछे जाएंगे। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने शैक्षिक कैलेंडर जारी किया है।
जिले में 17 राजकीय, 67 सहायता प्राप्त और 436 मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय हैं। नया शिक्षा सत्र एक अप्रैल से शुरू कर दिया गया है। शिक्षकों को हर माह निर्धारित पाठ्यक्रमों को पूरा कराना होगा। हर बच्चों की शैक्षिक दक्षता परखने को मासिक टेस्ट का आयोजन भी होगा।
मई के द्वितीय सप्ताह में बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित टेस्ट होगा। जुलाई माह के अंतिम सप्ताह में वर्णनात्मक प्रश्नों के आधार पर मासिक टेस्ट होगा। अर्द्धवार्षिक प्रयोगात्मक परीक्षाओं का आयोजन सितंबर 2025 के अंतिम सप्ताह मेें होगा। अर्द्धवार्षिक लिखित परीक्षाओं का आयोजन अक्तूबर के द्वितीय और तृतीय सप्ताह में होगा।
जनवरी 2026 के पहले सप्ताह तक सभी पाठ्यक्रमों को पूरा करना होगा। जिसके बाद जनवरी के दूसरे सप्ताह में 12वीं प्री-बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाओं का आयोजन शुरू होगा। जनवरी के तीसरे सप्ताह में 10वीं और 12वीं प्री बोर्ड लिखित परीक्षाओं और कक्षा नौवीं और 11वीं वार्षिक परीक्षाओं का आयोजन होगा।
फरवरी 2026 के द्वितीय सप्ताह तक कक्षा नौ और 11वीं कक्षा के वार्षिक परीक्षाओं का अंक वेबसाइट पर अपलोड होगा। जिला समन्वयक समग्र शिक्षा माध्यमिक सीपी श्रीवास्तव का कहना है कि कैलेंडर के अनुसार की शिक्षण कार्य विभाजित करते हुए प्राथमिकता के साथ समय से पाठ्यक्रम को पूरा करने के लिए माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को दिशा निर्देश जारी किया गया है।