बढुआ गोदाम। स्वच्छ भारत मिशन के तहत लक्ष्य के सापेक्ष शौचालय निर्माण की गति धीमी होने पर परदहां ब्लॉक के एडीओ पंचायत ने 27 ग्राम प्रधानों को नोटिस जारी किया है। नोटिस में एडीओ पंचायत ने शौचालय निर्माण की प्रगति धीमी होने पर सख्त रूख अख्तियार करते हुए ग्राम प्रधानों को एक सप्ताह में लक्ष्य के सापेक्ष शौचालय निर्माण पूरा कराने का निर्देश दिया है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 30 जून तक शौचालय निर्माण का कार्य पूरा करना था लेकिन 50 प्रतिशत ही निर्माण कार्य किया गया। शासन स्तर से ओडीएफ को लेकर बरती गई सख्ती को देखते हुुए स्थानीय प्रशासन भी स्वच्छत भारत मिशन को लेकर सख्त नजर आने लगा है। इसी तरह की सख्ती देख परदहां ब्लॉक के एडीओ पंचायत राजेश तिवारी ने ब्लॉक के पनियरा, पिपरीडीह, नसीरपुर, रैनी, इंदरपुर, मानपुर, आदेडीह, हरदसपुर, पिजडा, सलहाबाद, डुमरांव, रणवीरपुर, सरवां, रकौली, सुल्तानपुर बनौरा, मनसडी, इमिलियाडीह, हरपुर, रैकवारेडीह, बेलचौरा, बरलाई, भार, भवनाथपुर, बहरीपुर, सनेगपुर, परसपुरा आदि गांवों के प्रधानों और सचिवों को शौचालय निर्माण की धीमी प्रगति पर 26 जून को नोटिस जारी किया है। जारी नोटिस में एडीओ पंचायत ने ग्राम प्रधानों और सचिवों को फटकार लगाते हुए लक्ष्य के सापेक्ष शौचालय निर्माण नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एक सप्ताह के अंदर शौचालय निर्माण पूरा कराने का निर्देश दिया है। तय समय में शौचालय निर्माण न पूरा होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी जारी किया है। उधर ब्लॉक में ग्राम प्रधानों को नोटिस जारी होने से जहां इन गांवों के प्रधानों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई हैं। एडीओ पंचायत राजेश तिवारी ने बताया कि शौचालय निर्माण में शिथिलता बरतने वाले प्रधानों और सचिवों की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।