मऊ। सीएमओ कार्यालय के सभागार में मंगलवार को वृहद मानसिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राहुल सिंह ने किया।
कार्यक्रम में डॉ. राहुल सिंह ने मानसिक रोगों के प्रारंभिक लक्षणों की पहचान के बारे में जानकारी दी। वहीं मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. रविशंकर पांडेय ने कहा कि हर मानसिक रोग पागलपन नहीं होता है।
उन्होंने कहा कि डिप्रेशन (अवसाद), अत्यधिक चिंता, घबराहट, नींद न आना या अधिक आना, अनजाने भय का अनुभव, बार-बार नकारात्मक विचार आना जैसे लक्षण मानसिक बीमारियों के संकेत हो सकते हैं।
इसी क्रम में नोडल अधिकारी डॉ. बीके. यादव ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति उपरोक्त लक्षणों का अनुभव करता है तो टेलीमनोस हेल्पलाइन नंबर 14416 पर संपर्क कर सकता है। इसके अलावा, जिला चिकित्सालय स्थित ‘मन कक्ष’ में विशेषज्ञों से इलाज करवाया जा सकता है। नोडल अधिकारी डॉ. बीके यादव, डिप्टी सीएमओ डॉ. वकील अली, डीआईओ डॉ. संजय गुप्ता आदि शामिल रहे।