अगले 23 दिन तक एक्सप्रेस ट्रेनों की स्लीपर कोच में खाली नहीं है सीट, एसी में मिल रहा आरएसी टिकट
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
मऊ। 10 दिन पहले तक लोग महानगरों से घर आने के लिए परेशान थे, अब महानगरों को वापस जाने के लिए परेशान हैं। कारण ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट चल रही है। कन्फर्म सीट नहीं मिल रही है। तत्काल टिकट पर भी कंफर्म सीट नहीं मिल रही है। मऊ जंक्शन की आरक्षण खिड़कियों पर सुबह आठ बजे से ही टोकन के लिए लंबी लाइन लग रही है। लेकिन केवल तीन या चार लोगों को ही टिकट मिल पा रहा है। जिन्होंने पहले से टिकट करा लिया है उनके सामने दिक्कत नहीं है, लेकिन जिन लोगों के पास वेटिंग टिकट है उनके पास अब सिर्फ तत्काल टिकट का ही विकल्प है। कुछ ट्रेनों में 28 मार्च तक बुकिंग बंद हो चुकी है, तत्काल टिकट लेने पर भी सीट नहीं मिलेगी। लोगों को अब कंफर्म टिकट का इंतजार है, लेकिन उनका यह इंतजार लंबा हो सकता है। अगले 23 दिन तक दिल्ली, मुंबई, गुजरात और राजस्थान जाने वाली ट्रेनों की स्लीपर कोच में सीट नहीं है। कुछ ट्रेनों की एसी कोच में आरएसी सीट मिल रही है। नई दिल्ली जाने वाली गरीब नवाज एक्सप्रेस में 23 मार्च तक एसी कोच में बुकिंग बंद है, स्लीपर में 71 वेटिंग चल रही है। वहीं लिच्छवी, आनंद विहार टर्मिनस सुपरफास्ट और आनंद विहार टर्मिनस एक्सप्रेस में लंबी वेटिंग है। एक अप्रैल से कुछ ट्रेनों में सीट खाली है। मुंबई जाने वाली मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस (11082) के स्लीपर कोच में 21 मार्च को बुकिंग बंद है, थर्ड एसी में 24 और सेकेंड एसी में 11 वेटिंग है। मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनस सुपरफास्ट (12166) के सेकेंड एसी कोच में बुकिंग बंद, स्लीपर में 82 और थर्ड एसी में 42 वेटिंग है। 29 मार्च से कुछ ट्रेनों के एसी कोच में सीट खाली है तो कुछ में आरएसी सीट मिल रही है। एक अप्रैल के बाद ही कुछ ट्रेनों की एसी कोच में सीट खाली है, केवल एक ही ट्रेन की स्लीपर कोच में सीट मिल रही है। अहमदाबाद रूट पर एक अप्रैल के बाद से ट्रेनों में सीट मिल रही है। सूरत के लिए 28 मार्च से तीन अप्रैल तक आरएसी सीट के साथ कुछ राहत है, 10 अप्रैल से ही स्लीपर कोच में कंफर्म सीट मिलेगी। कोलकाता जाने वालों के लिए एक अप्रैल से सीट खाली है, उससे पहले 31 मार्च तक आरएसी टिकट मिल रहा है।
इनसेट -
चार आरक्षण खिड़की, दो पर ही मिलता है टिकट
मऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर आरक्षण बुकिंग के लिए चार खिड़कियां हैं, लेकिन केवल दो पर ही टिकट मिलता है। तत्काल टिकट लेने के समय यात्रियों को काफी परेशानी होती है। दो खिड़की पर ही तत्काल टिकट के लिए 30 से 40 टोकन बंट जाते हैं। उनमें से भी केवल तीन या चार को कंफर्म टिकट मिल पाता है। अन्य लोग मायूस होकर लौट जाते हैं। चारों खिड़कियां खुली रहने से 8 या 10 यात्रियों को टिकट मिल पाता तो सहूलियत होती।