प्रधान/सदस्य ग्राम पंचायत निर्वाचन में मतदाताओं को किसी भी प्रकार का प्रलोभन न देने का प्रत्याशियों से शपथ पत्र भरवाया गया।
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सरायलखंसी, हलधरपुर और कोपागंज थाना क्षेत्र में पड़ने गांवों के प्रधान पद के प्रत्याशियों से इस बात का आश्वासन लिया कि वे मतदाताओं को न तो किसी प्रकार की दावत देंगे और न ही किसी अन्य प्रकार से उन्हें अपने पक्ष में अवैध तरीके अपनाकर वोट देने के लिए प्रेरित करेंगे।
पहले चरण में परदहा, कोपागंज, रतनपुरा विकास खण्ड में मतदान होने हैं। चुनाव को निष्पक्ष एवं कुशलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए थाना सरायलखन्सी, हलधरपुर, कोपागंज थाने में प्रधान के पद के सभी
प्रत्याशियों को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव द्वारा शपथ दिलायी गयी कि वह लोग निष्पक्ष एवं स्वतन्त्र मतदान में निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों का पूरा पालन करते हुए निर्वाचन अधिकारियों को सहयोग करेंगे । किसी को किसी प्रकार का प्रलोभन नही देंगे और न ही दावत या कोई सामग्री का वितरण नहीं करेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि यदि कोई नाबालिग मतदाता बन गया है तो उसे मतदान केन्द्र पर न भेजें अन्यथा अभिभावक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी जायेगी। पुलिस अधीक्षक शिव प्रसाद उपाध्याय ने सभी प्रत्याशियों से कहा कि किसी मतदाता अथवा प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार को प्रलोभन न दें।
न ही किसी प्रकार का गलत कार्य करें वर्ना उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी। प्रत्याशियों ने प्रशासन को पूरा भरोसा दिलाया कि वह अपने स्तर पर कुछ भी एसेे नहीं करेंगे जिससे चुनाव की शुचिता भंग हो।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गिरिजेश कुमार त्यागी, अपर पुलिस अधीक्षक सुनील सिंह, उप जिलाधिकारी सदर, नगर क्षेत्राधिकारी सहित सभी तीनों विकास खण्डों के आरओ उपस्थित रहें।