मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के कमालपुर पहाड़पुर गांव में एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। 25 केवी ट्रांसफाॅर्मर की खूंटी जलने से करीब 300 परिवारों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
ग्रामीण सरसों के तेल का दीया जलाने को विवश हैं। बिजली गुल रहने से सबमर्सिबल का संचालन बंद हो गया है, जिससे गांव में पेयजल की किल्लत हो गई है। इसके चलते घरेलू कामकाज, कपड़े धोने तक के लिए ग्रामीणों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। इन दिनों विद्यालयों में अर्धवार्षिक परीक्षाएं चल रही हैं, लेकिन शाम होते ही अंधेरा छा जाने से बच्चों की तैयारी प्रभावित हो रही है। ट्रांसफॉर्मर के जल्द मरम्मत न होने का मुख्य कारण विद्युत उपकेंद्र का आजमगढ़ जिले में होना है। मऊ जनपद के कमालपुर पहाड़पुर, अल्लीपुर, ओटनी और देवसीपुर सहित कई गांव आजमगढ़ के गोड़सर जहानागंज उपकेंद्र के परासी फीडर से जुड़े हैं। दो जिलों के चक्कर में शिकायतों के निस्तारण में देरी होती है। गोड़सर उपकेंद्र के अवर अभियंता धीरज पटेल ने बताया कि समस्या का समाधान कर जल्द बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी।