घोसी। उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में बाल विकास परियोजना एवं स्वास्थ्य विभाग की तहसीलस्तरीय टास्क फोर्स की मासिक समीक्षा बैठक स्थानीय तहसील के सभागार में हुई। जिसमें टीकाकरण कार्यक्रम से वंचित बच्चों के टीकाकरण कराने को लेकर रणनीति तय की गई।
इस मौके पर उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह ने कहा कि आप ऐसे सभी स्कूल, मदरसों को चिंहित करें, जहां पर अध्ययनरत बच्चों को टीकाकरण करने से मना कर दिया जाता है। उनके अभिभावकों के साथ ही मुदर्रिस और अध्यापकों से वार्ता कर बच्चों के लिए टीकाकरण के लाभों को तर्कों द्वारा बताकर टीकाकरण के लिए प्रेरित करें।
आगनबाड़ी केंद्रों के अति कुपोषित बच्चों को चिह्नित कर उनका समुचित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने शासन द्वारा दिए गए दायित्वों को निर्धारित समय के अंदर पूर्ण करने का निर्देश दिया। ब्लॉक कंवर्जन कमेटी घोसी,बड़रांव, दोहरीघाट के विकास कार्यों में तेजी लाने पर भी जोर दिया।सीएचसी अधीक्षक डॉॅ. एचके पंकज ने बताया कि कुछ मदरसों के लोग भ्रामक प्रचार से दिग्भ्रमित हो गए है। जिनसे वार्ता कर टीका के लाभों को बताकर टीकाकरण अभियान में सहयोग कराते हुए एक अगस्त से 31 अगस्त तक चलने वाले अभियान में सहभागी बनाएंगे। इस अवसर पर सीडीपीओ राधेश्याम पाल, सीएचसी अधीक्षक डॉ. एचके पंकज,डाॅ. फैजान, डाॅ. अशोक कुमार, बीईओ धर्मेंद्र कुमार आदि शामिल रहे।