मऊ जिले की घोसी कोतवाली क्षेत्र के बड़ी बाजार निवासी नवविवाहिता की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं मृतका के शरीर पर चोट के निशान को देखते हुए डॉक्टरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। जिस महिला की मौत हुई है, उसका 19 दिन पहले ही निकाह हुआ था। इस घटना को लेकर जहां पूरे इलाके में चर्चा हो रही हैं। हालांकि पुलिस को मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
यह है मामला
मृतका की पहचान बलिया जिले के रेवती गांव निवासी शबाना खातून के रूप में हुई है। उसका निकाह बीते 25 दिसंबर 2024 को घोसी कोतवाली क्षेत्र के कस्बा खास बड़ी बाजार निवासी शमशाद अहमद से हुआ था। शमशाद के पिता मुहम्मद यासमिन ने बताया कि बहू घर पर खाना बना रही थी। इस दौरान अचानक बेहोश हो गई।
परिजन आनन- फानन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोसी में इलाज के लिए भर्ती कराने पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस बीच मौजूद चिकित्सकों ने इसकी सूचना पुलिस को देते हुए बताया कि नवविवाहिता के शरीर पर कुछ चोट के निशान हैं। वहीं इस बाबत कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है, लेकिन अभी इसको लेकर कोई तहरीर नहीं मिली है।