नगर के रोडवेज स्थित एक मैरेज हाल में वाराणसी सहोदया के तत्वावधान में ॐशैक्षणिक नेतृत्वॐ विषय पर
- फोटो : MAU
मऊ। सहोदया के तत्वावधान में रविवार को सहादतपुरा स्थित एक मैरेज हॉल में शैक्षणिक नेतृत्व विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नई शिक्षा नीति के अंतर्गत तनावमुक्त शिक्षा प्रदान करना था। इस दौरान नई शिक्षा नीति को कौशल संवर्धन के लिए उपयोगी बताया गया। मुख्य अतिथि सीओई सीबीएसई प्रयागराज राजीव पांडेय ने नई शिक्षा नीति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों के लिए न केवल शैक्षणिक अपितु कौशल संवर्धन के लिए नई शिक्षा नीति बहुत उपयोगी है। इससे प्रारंभिक शिक्षा से ही बच्चों का बिना किसी मानसिक तनाव के सर्वांगीण विकास होगा। विशिष्ट अतिथि जवाहर नवोदय विद्यालय मऊ के प्रधानाचार्य मुख्तार आलम ने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत अब बच्चों को ज्ञान के साथ साथ उनके स्वास्थ्य एवं कौशल पर भी ध्यान दिया जाना है। तथा पुरानी खामियों को हटाते हुए शिक्षा को उत्कृष्ट और सार्वभौमिक भी बनाना है। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को शिक्षा रत्न अवार्ड से सम्मानित किया गया। वाराणसी सहोदया के अध्यक्ष डॉ रंजन राय और महामंत्री मुकेश शैलेट ने नई शिक्षा नीति के तहत शिक्षण को प्रभावी बनाने तथा बच्चों की कक्षा में अभिरुचि बढ़ाने के महत्वपूर्ण तरीके बताए। किंग्स इंडेन इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य राजेश मिश्र ने आभार जताया। संचालन चंद्रा पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य केसीपीटर ने किया।