सरायलखंसी थाना क्षेत्र के खालिसपुर गांव में बुधवार को अपने घर का काम करा रहे पिता-पुत्र पर अचानक पड़ोसी के घर की चहारदीवारी गिर गई। घटना में पिता-पुत्र दोनों घायल हो गए। आसपास के लोगों ने करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति देखकर रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार सरायलखंसी थाना क्षेत्र के खालिसपुर गांव निवासी अनवार अहमद (50) के मकान का निर्माण कार्य हो रहा है। इसी दौरान अनवार अहमद अपने पंद्रह वर्षीय पुत्र मोहम्मद आमिर की गली से ईंट ढो रहे थे। पड़ोसी हाजी इफ्तेखार की छह फुट की बाउंड्री की दीवार अचानक गिर गई। अनवार और आमिर दब गए।
दोनों की चीख पुकार पर ग्रामीणों ने अनवार और आमिर को बाहर निकाला और एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया। जहां डाक्टरों ने गंभीर रूप से घायल पिता पुत्र को गम्भीर रूप से घायल होने पर रेफर कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस खालिसपुर गांव पहुंचकर इस मामले में छानबीन कर रही है।