मऊ। कोपागंज क्षेत्र के मीरपुर रहीमाबाद ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना में लापरवाही बरतने का मामला प्रकाश में आया। जब गांव की महिला ने खुद को योजना का लाभार्थी बताते हुए शिकायत की उसके खाते में राशि न भेजकर दूसरे के खाते में राशि भेज दी गई। यह लापरवाही दो वर्ष पूर्व की गई, लेकिन पात्र लाभार्थी की शिकायत के बाद उसे योजना का लाभ मुहैया कराने की न तो कवायद की गई न ही दूसरे के खाते में गई राशि की रिकवरी हुई। इतना ही ब्लाक के जिम्मेदार बीडीओ देवकुमार चतुर्वेदी को इस मामले की भनक तक नहीं है। जबकि ब्लाक स्तर से कोई सुनवाई न होने पर पीड़ित ने गत शुक्रवार को जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल को प्रार्थना पत्र देकर गुहार लगाया है।
जिलाधिकारी को सौंपे पत्र में मीरपुर रहीमाबाद निवासी झिल्लर चौहान पुत्र स्व जगदेव चौहान ने बताया कि 2018-2019 में प्रधानमंत्री आवास हुआ। झिल्लर ने बताया कि आवास पास होते ही उसके द्वारा कर्ज लेकर ईंट बालू सीमेंट आदि गिरवाकर आवास का निर्माण प्रारंभ कर दिया। लेकिन दो महीने व्यतीत होने के बाद भी आवास का पैसा उसके खाते में नही आया। जिसको लेकर झिल्लर चौहान ने कोपागंज ब्लॉक पहुचकर आवास के पैसे के बाबत जानकारी किया।
ब्लॉक से जानकारी मिलते ही वह भौचक रह गया क्योंकि उसका आवास का पैसा कोपागंज विकास खण्ड के ग्राम सभा रसूलपुर निवासी मंजू देवी पत्नी गुड्डू राजभर के खाते में जा रहा है। झिल्लर चौहान ने तत्काल खंड विकास अधिकारी और मोहम्मदाबाद गोहना कोतवाली को प्राथना पत्र देकर आवास का पैसा अपने खाते ने भेजने की मांग किया।लेकिन दो वर्ष बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नही हुई और धीरे धीरे आवास का तीनों क़िस्त भी मंजू देवी के खाते में चली गई।
खण्ड विकास अधिकारी ने क्या कहाइस बाबत पूछे जाने पर खण्ड विकास अधिकारी देव कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि मामला हमारे संज्ञान में नहीं है अगर मेरे पास मामला आता है, तो लाभार्थी के आवास का पैसा जांच करवाते हुए रिकवरी कराई जाएगी।