वनदेवी नाम नवरात्र को लेकर सांफ सफाई तथा रंगाई पोताई करते मजदूर
- फोटो : MAU
मऊ। नवरात्र शुरू होने में आठ दिन शेष हैं लेकिन तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। देवी दुर्गा सहित प्रमुख मंदिरों में साफ सफाई तथा रंगाई पुताई का काम तेजी पर है। जबकि बाजारों में भी पूजा से जुड़ी सामग्रियां पहुंच चुकी हैं और लोग इन्हें खरीद भी रहे हैं। मान्यता है कि नवरात्र में सच्चे मन से देवी का पूजन करने पर सभी मनोकामना पूरी हो जाती हैं। नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा के सभी नौ स्वरुपों की पूजा-अर्चना की जाती है। इस साल चैत्र नवरात्रि दो अप्रैल से शुरू होकर 11 अप्रैल तक चलेगी। धार्मिक मान्यता है कि इस नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा की विधिवत उपासना से देवी की खास कृपा बरसती है। इसी के तहत नगर सहित जिले के विभिन्न इलाकों के दुर्गा मंदिरों में भक्तों का पूरे नौ दिनों तक तांता लगा रहता है। नवरात्र पर नगर क्षेत्र के माता पोखरा का शीतलामाता धाम, आजमगढ़ मोड़ स्थित दुर्गा मंदिर, फातिमा मोड़ का दुर्गा मंदिर सहित जिले के वनदेवी मंदिर, कोयल मर्याद भवानी माई मंदिर, निधियांव स्थित अष्टभुजी आदि मंदिरों पर भारी संख्या में भक्त पूजन-अर्चन करेंगे। दुर्गा मंदिरों में सफाई तथा रंगाई पुताई का काम तेजी से चल रहा है। उधर, नगर के सहादतपुरा, चौक, रौजा, मिर्जाहादीपुरा, घोसी, मुहम्मदाबादगोहना, मधुबन, दोहरीघाट, चिरैयाकोट सहित विभिन्न बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। लोग देर शाम तक खरीदारी कर रहे हैं। पिपरीडीह: क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में नवरात्रि की तैयारी जोरों पर है। क्षेत्र के कहिनौर स्थित मां वनदेवी मंदिर सहित क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा मंदिरों में साफ सफाई तथा मंदिरों में रंगाई पुताई शुरू हो गई है।