नगर में सेनेटाइजेशन करते अग्निशमन विभाग के कर्मचारी। संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। कोरोना की संभावित तीसरी लहर से बचाव हेतु नगर पालिका परिषद द्वारा शनिवार को नगर में व्यापक रुप से सैनिटाइजेशन का कार्य किया गया। नगर के गाजीपुर तिराहा से पालिकाध्यक्ष श्री मुहम्मद तय्यब पालकी, अपर जिलाधिकारी श्री केहरी सिंह व अर्थ एवं संख्याधिकारी श्री रजनीश सिंह द्वारा पालिका कर्मियों को नगर का व्यापक सैनेटाइजेशन के लिये हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसके उपरांत पालिका कर्मियों ने गाजीपुर तिराहे से आजमगढ़ मोड़, भीटी आदि मार्गों पर घरों व दुकानों को पालिका व फायर ब्रिगेड की मशीनों से पूरी तरह सैनिटाइज किया। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष मु0. तय्यब पालकी ने कहा कि नगर पालिका द्वारा कोविड-19 के संक्रमण की संभावित तीसरी लहर को दृष्टिगत रखते हुए पूरे नगर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत नगर के प्रत्येक वार्डों में सफाई, सेनिटाइजेशन एवं फागिंग का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। ताकि समय रहते कोरोना संक्रमण को रोका जा सके और संभावित तीसरी लहर से लोगों को बचाया जा सके। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी श्री केहरी सिंह, अर्थ एवं संख्याधिकारी रजनीश सिंह, सभासद दिनेश सिंह आदि रहे।