प्राविधिक शिक्षा परिषद से संचालित पालीटेक्निक में प्रवेश के लिए रविवार को आयोजित परीक्षा में एक मुन्ना भाई पकड़ा गया। दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहे युवक को पकड़कर बाहर कर दिया गया। हालांकि उसपर किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। कई परीक्षार्थियों ने खिड़की के रास्ते अपने पास रखे चिट को बाहर फेंक दिया।
नगर के 20 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन किया गया, जिसमें 10 हजार परीक्षार्थी शामिल हुए। नकल विहीन परीक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए थे। नगर के डीसीएसके पीजी कालेज, जीवन राम इंटर कालेज, राजकीय कन्या इंटर कालेज, आजाद हिंद इंटर कालेज, डीएवी इंटर कालेज, तालीमुद्दीन इंटर कालेज, लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल सहित 20 परीक्षा केंद्रों पर 11 हजार परीक्षार्थी पंजीकृत थे।
दो पालियों में प्रवेश परीक्षा हुई। लेकिन दस हजार परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। रविवार को आयोजित इस परीक्षा में परीक्षा केंद्रों पर अफरा तफरी का माहौल रहा। कई परीक्षा केंद्रों पर जाम की स्थित बन गई। नकल विहीन परीक्षा को संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों को चार जोन में बांटा गया था।
प्रत्येक जोन में एक जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। इसके अलावा प्रत्येक केंद्र पर एक पालीटेक्निक प्रवक्ता व कर्मचारी की तैनाती रही। परदहां ब्लाक के रामबचन राजकीय महिला महाविद्यालय पर कक्ष निरीक्षक ने प्रवेश पत्रों की जांच में एक ऐसे परीक्षार्थी को पकड़ा जो दूसरे की जगह परीक्षा दे रहा था।
नकल करने के जुगाड़ में कई परीक्षार्थियों ने खिड़की के रास्ते अपने पास रखे कागजों को फेंकना शुरू कर दिया। परीक्षा कक्ष में गार्डी कर रहे परीक्षक को परीक्षार्थी के हावभाव से संदेह पैदा हुआ।
परीक्षक ने उसके पास जाकर प्रवेश पत्र दिखाने को कहा, जिस पर वह आनाकानी करने लगा। काफी सख्ती करने पर उसने प्रवेश पत्र दिखाया, तो फर्जीवाड़ा पकड़ में आया। परीक्षक ने नकली परीक्षार्थी को परीक्षा कक्ष से बाहर कर दिया। जोनल मजिस्ट्रेट अजय यादव ने बताया कि उक्त परीक्षार्थी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।