मऊ। सदर तहसील क्षेत्र के बैजापुर गांव निवासी एक व्यक्ति ने गांव के दबंगों द्वारा ग्राम सभा की सार्वजनिक भूमि पर कब्जा करने के मामले में मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है। गांव निवासी उदय नारायण राय ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में बताया है कि गांव के ही कुछ दबंग भू माफिया पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी के करीबी है। इन सभी लोगों ने संवैधानिक तरीके से गांव की पोखरी व रास्ता तथा खलिहान की भूमि पर कब्जा कर लिया है। उक्त स्थान पर कब्जा कर निर्माण कार्य करने से ग्राम सभा के लोगों का रास्ता बंद कर दिया है। कब्जे को लेकर लेखपाल ने अवैध कब्जा हटाने के लिए तहसीलदार द्वारा जारी नोटिस भी दबंग को दिया था। सदर तहसील में नए तहसीलदार भी उक्त भू माफिया जो मुख्तार अंसारी के करीबी है, उनका ही पक्ष ले रहे हैं। पीड़ित ने बताया कि सरकारी जमीन को कब्जा होने से कभी भी कोई अप्रिय घटना हो सकती है। मांग किया कि उच्याधिकारी से पूरे मामले की जांच कर माफिया के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि को खाली कराया जाए।