मऊ। डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित जनपदस्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक समारोह बृहस्पतिवार को संपन्न हो गया। सभी स्पर्धाओं में मुहम्मदाबाद गोहना चैंपियन रहा। जबकि व्यक्तिगत चैंपियनशिप में अवनीश, आंचल, डंपी और वर्षा अव्वल रहे। मुख्य विकास अधिकारी रामसिंह वर्मा ने कहा कि बेसिक स्कूलों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यही बच्चे आगे चलकर राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी बन सकेंगे। उधर, व्यक्तिगत चैंपियनशिप प्राथमिक स्तर पर अवनीश यादव दोहरीघाट, बालिका संवर्ग में आंचल सिंह प्राथमिक विद्यालय सुल्तानीपुर रानीपुर अव्वल रहे। जबकि उच्च प्राथमिक स्तर व्यक्तिगत चैंपियनशिप में डंपी कुमार कंपोजिट विद्यालय जूड़नपुर मुहम्दाबाद तथा बालिका संवर्ग में वर्षा कुमारी कंपोजिट विद्यालय लौवासाथ फतेहपुर मंडाव रहा। समस्त प्रतिस्पर्धा में 187 अंक पाकर मुहम्दाबादगोहना प्रथम रहा। 161 अंक पाकर रानीपुर द्वितीय तथा 126 अंक पाकर रतनपुरा तृतीय स्थान पर रहे। उधर, जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल ने मतदाता जागरूकता के लिए हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर उन्होंने सभी को मतदाता जागरूकता शपथ दिलाई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार सिंह ने आभार जताया। कार्यक्रम में अशोक कुमार गौतम, आरपी राम, कमलेश मिश्रा, संजीव सिंह, शशिकांत यादव, रवि प्रकाश, शेष बहादुर सरोज, जय राम, पंकज सिंह, शिवाकांत सिंह, वंशराज प्रसाद, अंजनी सिंह, रामसेवक, कमलेश कुमार, अशोक कुमार, रामनिवास मौर्य, राजेश कुमार आदि शामिल रहे।