मऊ। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए होने वाले चुनाव में पर्चा दाखिला के अंतिम दिन बृहस्पतिवार को अध्यक्ष सहित विभिन्न पदों पर आठ प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन पत्रों की जांच शुक्रवार को होगी। एल्डर कमेटी के सदस्य नजमुल इकबाल ने बताया कि बृहस्पतिवार को अध्यक्ष पद पर ईश्वर चंद्र त्रिपाठी, साधारण उपाध्यक्ष पद के लिए चंद्रभूषण भारद्वाज, महामंत्री पद के लिए नरेंद्र कुमार श्रीवास्तव तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए राधेश्याम ने नामांकन दाखिल किया। जबकि ऑडिटर पद पर संतोष कुमार राय के साथ ही वरिष्ठ सदस्य कार्यकारिणी के लिए विद्यानिधि उपाध्याय, पंकज राय और उपेंद्र नाथ चौहान ने नामांकन दाखिल किया। इस दौरान एल्डर कमेटी के चेयरमैन शिवशंकर राय, मुहम्मद असलम, सरदार दीप नारायण सिंह, कृष्ण कुमार श्रीवास्तव व शाह मुहम्मद इकबाल ने चुनाव प्रक्रिया में सहयोग किया।