मऊ। घोसी सांसद राजीव राय ने जिले की 13 छोटी सड़कों के नवनिर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग को प्रस्ताव दिया था। जिसे शनिवार को कार्ययोजना में शामिल कर लिया गया है। ये सभी एक से ढाई किमी लंबी वो सड़कें हैं। जो बीते 10 या 15 साल से बदहाल हैं, इनमें सबसे लंबी सड़क 2.70 किमी है। वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में 14 करोड़ रुपये की लागत से 19.125 किलोमीटर लंबी सड़क परियोजनाओं को मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत शामिल कर लिया है। इसमें तीन मुहम्मदाबाद गोहना, तीन घोसी, दो मधुबन और पांच सड़कें सदर विधानसभा क्षेत्र की हैं। इसमें प्रांतीय खंड आठ सड़कें शामिल हैं, जिसकी लंबाई 10.975 किमी है। जबकि निर्माण खंड के इलाके की पांच सड़कें शामिल हैं, जिसकी लंबाई 8.150 किमी है।
खुशी जताते हुए सांसद राजीव राय ने कहा कि घोसी लोकसभा की जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं और सुगम सड़क कनेक्टिविटी प्रदान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आने वाले समय में क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कई अन्य बड़े प्रोजेक्ट्स भी धरातल पर उतारे जाएंगे। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन आसान होगा और व्यापारिक व सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।