बढुआ गोदाम। रानीपुर थाना क्षेत्र के खंडेरायपुर गांव में शनिवार को जमीन विवाद नहीं सुलझने पर एक युवक बिजली के खंभे में चढ़ गया। इसके बाद आपूर्ति बंद करवाई गई। पुलिस ने युवक को घंटों मशक्कत के बाद सुरक्षित उतारा।
पुलिस ने युवक और जिस व्यक्ति से विवाद था, उसे भी साथ थाने ले गई। समाचार दिए जाने तक पुलिस दोनों पक्षों के बीच विवाद समाप्त कराने की पहल कर रही थी। रानीपुर थाना क्षेत्र के खंडेरायपुर गांव निवासी रत्नेश द्विवेदी का अपने गांव निवासी एक व्यक्ति से कुछ दिनों से जमीनी विवाद चल रहा था। शनिवार को रत्नेश उसी जमीन पर टावर लगावाने के लिए निर्माण कार्य करा रहा था। तभी दूसरे पक्ष ने निर्माण कार्य बंद करा दिया। इस बात से नाराज युवक ने निपटारे की मांग को लेकर शनिवार की शांम चार बजे के करीब गांव के किनारे लगे बिजली के खंभे पर चढ़ गया। वह अपने जमीनी विवाद के निपटारे की मांग गांव वालों से करने लगा। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने आनन-फानन में बिजली विभाग के कर्मचारियों को फोन कर पावर हाउस से विद्युत सप्लाई बंद करवाई और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारा और दोनों पक्षों को थाने ले आई । इस बाबत थाना प्रभारी अखिलेश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने लाया गया हैं। दोनों के बीच विवाद सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। यदि संबंधित पक्ष सहमत नहीं होते हैं तो संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया जाएगा।