घोसी कोतवाली क्षेत्र के दादनपुर अहिरौली स्थित बड़ी नहर के पास खाई में गिरा वाहन
मऊ। घोसी-मझवारा मार्ग पर दादनपुर अहिरौली स्थित बड़ी नहर के पास शनिवार की शाम ओवरटेक करने के चक्कर में एक अज्ञात बस ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रही एक ट्रैक्टर ट्रॉली ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक और ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। दुर्घटना में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सीओ सत्येंद्र भूषण ने बताया कि जानकारी मिली है कि शनिवार शाम दो युवक बाइक से घोसी-मझवारा मार्ग से गुजर रहे थे। दादनपुर अहिरौली बड़ी नहर के पास एक अज्ञात बस चालक ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक को टक्कर मारकर मौके से भाग गया। बस की टक्कर से बाइक सवार सड़क पर गिर गए। इसी बीच पीछे से आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली बाइक से टकरा गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचवाया। घायलों की पहचान सरायगणेश निवासी सूर्या कुमार (19) पुत्र ओमप्रकाश तथा सोनू दुबे (28) पुत्र महेंद्र दुबे के रूप में हुई। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं हादसे के बाद बस चालक वाहन समेत मौके से भाग गया। घटना के बाद मार्ग पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।