मधुबन। नगर पंचायत के भोला रोड निवासी मां, बेटे और बेटी ने एक साथ उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटेट) 2026 उत्तीर्ण कर क्षेत्र में मिसाल पेश की है। खास बात यह है कि मां ने विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक की जिम्मेदारी संभालने, पारिवारिक दायित्वों और जनगणना ड्यूटी के बीच परीक्षा की तैयारी की। इसके बावजूद उन्होंने बेटे और बेटी के लगभग बराबर अंक हासिल कर अपनी मेहनत और शैक्षणिक दक्षता का परिचय दिया।
भोला रोड निवासी डॉ. ममता पांडेय उच्च प्राथमिक विद्यालय कटघराशंकर में प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने यूपीटेट में प्राथमिक स्तर पर 119 और उच्च प्राथमिक स्तर पर 105 अंक हासिल किए। इससे पहले केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटेट) में भी उन्होंने प्राथमिक स्तर पर 98 और उच्च प्राथमिक स्तर पर 92 अंक प्राप्त किए थे।
शादी, स्कूल ड्यूटी और जनगणना के बीच की तैयारी
डॉ. ममता पांडेय के लिए यूपीटेट की तैयारी आसान नहीं थी। तीन जुलाई को यूपीटेट की परीक्षा थी, जबकि एक जुलाई को उनके मायके में शादी का कार्यक्रम था। इसके साथ ही विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक की जिम्मेदारी निभाने के साथ उन्हें कटघराशंकर गांव में जनगणना ड्यूटी भी करनी थी। इन तमाम जिम्मेदारियों के बावजूद उन्होंने पढ़ाई जारी रखी और परीक्षा में सफलता हासिल की। वहीं, उनके बेटे मंगलेश पांडेय ने उच्च प्राथमिक स्तर पर 127 अंक, जबकि बेटी मीमांसा पांडेय ने 121 अंक हासिल कर यूपीटेट उत्तीर्ण किया। दोनों ने बीएड किया हुआ है, इसलिए उन्होंने केवल उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा दी थी।
मेहनत और शिक्षा के प्रति समर्पण का परिणाम
परिवार की इस उपलब्धि पर धनंजय पांडेय ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह पूरे परिवार के लिए बेहद खुशी की बात है कि पत्नी, बेटा और बेटी तीनों ने एक साथ यूपीटेट परीक्षा उत्तीर्ण की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि मेहनत, लगन और शिक्षा के प्रति समर्पण का परिणाम है।
मीमांसा पाण्डेय (बेटी)
मीमांसा पाण्डेय (बेटी)