पुरानी तहसील स्थित प्लाजा में सोमवार की रात गरबा-डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें देर रात तक एक हजार से अधिक महिलाएं मां की आराधना में लीन होकर झूमती नजर आईं। कार्यक्रम में श्रद्धा पांडेय को डांडिया क्वीन चुना गया। भाजपा जिलाध्यक्ष नुपूर अग्रवाल ने मां दुर्गा की आरती कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि नवरात्र में डांडिया-गरबा का आयोजन होना बहुत ही अच्छा है। ऐसे आयोजन से समाज को जोड़ने का कार्य किया जाता है। डांडिया कार्यक्रम में निर्णायक मंडल में नीलम सराफ, कंचन तिवारी और संगीता द्विवेदी मौजूद रहीं। जिन्होंने श्रद्धा पांडेय को डांडिया क्वीन चुना। डांडिया-गरबा कार्यक्रम में आए महिला और पुरुषों ने भक्ति गीतों के साथ साथ फिल्मी गीतों पर खूब झूमा। कार्यक्रम में कई ग्रुप ने अपनी प्रस्तुती भी दी। कार्यक्रम के आयोजक मनमोहन बुधवानी और रवि कुशवानी ने कहा कि मऊ में पहली बार संयुक्त रूप से महिला-पुरुष का डांडिया कार्यक्रम का आयोजन। कार्यक्रम में निखिल वर्मा, अमृतांशु सिंह, गौरव सिंह, रजत वर्मा, अभय सिंह, सूर्यांशू, पल्लवी वर्मा, नूतन सिंह, प्रियांशी, स्नोहल गुजराती, शांभवी, सोनू सिंह, दीक्षा आदि मौजूद रहीं।