जिला अस्पताल में बिना मास्क पहने मौजूद लोग।संवाद
- फोटो : MAU
मऊ। कोराना के नए वैरिएंट ओमीक्रान को लेकर लोगों में जागरूता पैदा की जा रही है। जबकि 16 लाख के मुकाबले जिले में 13 लाख लोगों का कोराना टीकाकरण किया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग की माने तो जागरूता ही सबसे बड़ी चीज हैं। टीकाकरण को लेकर एक बार फिर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जबकि पूर्व के एल 1 और एल टू अस्पतालों को भी फिर से सक्रिय कर दिया गया है। जिले में विदेश से आने वाले लोगों के साथ रेलवे स्टेशन, रोडवेज तथा बाजारों में कोरोना जांच 29 टीमों के द्वारा किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि 16 लाख आबादी के मुकाबले जिले में 13 लाख से अधिक लोगों को टीके की पहली डोज लगाई जा चुकी है। पांच लाख से ज्यादा लोग टीके की दोनों डोज लगवा चुके हैं। रेलवे स्टेशन, रोडवेज से लेकर अस्पतालों में पहुंचने वाले लोगों से भी नए वैरिएंट के खतरे को देखते हुए जागरूक रहने की अपील की जा रही है। साथ ही मास्क और सामाजिक दूरी का पालन करने को कहा जा रहा है। प्रतीरक्षण अधिकारी डॉ. बीके यादव ने बताया कि जिलेवासियों को नए वैरिएंट से डरने की जरूरत नहीं है। बस जागरूक रहना बेहद जरूरी है। नए वैरिएंट को देखते हुए नगर में नौ आरआरटी टीमें रेलवे स्टेशन, रोडवेज डिपो पर बाहर से आने वाले यात्रियों की एंटीजेन जांच करने के साथ आरटीपीसीआर जांच कर रही है। इसके अलावा अलग से गठित एक विशेष टीम विदेशों से आने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर नजर रख रही है। बताया कि नए वैरिएंट को लेकर अभी जिले में कोई केस नहीं आया है, लेकिन विभाग पूरी तरह तैयार है। बताया कि जिले में 16 लाख की आबादी का टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसमें बृहस्पतिवार तक 13 लाख 20 हजार 129 लोगों को टीके की पहली डोज लगाई जा चुकी है। वहीं पांच लाख 68 हजार 914 लोगों को टीके की दोनों डोज लग चुकी है।