मऊ जिले में घोसी कोतवाली क्षेत्र के रघौली बाजार में एक बंदर की गोली लगने से मौत होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त हो गया। ग्रामीणों ने घोसी कोतवाली पहुंचकर लिखित तहरीर देते हुए आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
क्या है मामला
घोसी क्षेत्र निवासी एवं सामाजिक कार्यकर्ता इंद्र बहादुर सिंह, प्रिंस चौहान एवं हरिओम ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार को करीब 12 बजे दिन में रघौली गांव निवासी एक व्यक्ति ने एक बंदर को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बंदर की हत्या से लोगों की धार्मिक भावनाएं भी आहत हुई हैं। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने कहा कि वन्यजीवों के साथ इस प्रकार की घटना गंभीर अपराध है और दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस बाबत प्रभारी निरीक्षक रविंद्रनाथ राय ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। जबकि बंदर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।