मधुबन। जिले के रसूलपुर गांव में एक सप्ताह के अंदर बंदर ने सोलह बच्चों को काटकर घायल कर दिया। बच्चों का घर से निकलना-खेलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीण अपने बच्चों को घरों से बाहर निकलने नहीं दे रहे हैं। लोगों की शिकायत पर वन विभाग ने टीम गठित कर बंदर को शीघ्र पकड़ने का दावा कर रही है।
रसूलपुर गांव में एक बंदर बीते दिनों से गांव में बच्चों को काट ले रहा है। बीते शुक्रवार को उसने गांव के शैलेश यादव के चार वर्षीय बेटे डुग्गू पर उस वक्त हमला कर दिया जब वह अपने घर के बाहर खेल रहा था। इससे पहले गांव के ही आशीष जायसवाल के तीन वर्षीय पुत्र श्रेय पर उस वक्त हमला कर दिया जब वह सो रहा था।
इसी तरह से गांव के अर्जुन मौर्या, रामा मौर्या, वीर कुमार के बच्चों को भी बंदर अब तक काट कर घायल कर चुका है। ग्रामीण अखिलेश, हरिश्चंद्र यादव, शिवनाथ, जयराम, अनिल, सुरेश की माने तो बंदर ने बीते सात दिनों में 16 बच्चों को काट चुका है। जिनका उपचार दोहरीघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चल रहा है। वहीं, इस मामले में क्षेत्रिय वन अधिकारी हरिलाल ने बताया कि मामला संज्ञान मेें है। जल्द ही बंदर को पकड़ लिया जाएगा।