घोसी (मऊ)। कस्बा बाजार में शुक्रवार को एक बंदर एक माह के बच्चे को उसकी मां की गोद से छीन ले गया। अचानक हुई घटना से महिला और आसपास के लोग सकते में आ गए। लोगों ने बंदर की घेरेबंदी की तो वह नवजात को छोड़ कर भाग निकला। गंभीर रूप से जख्मी बच्चे का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
नगर पंचायत घोसी में बंदरों ने आतंक मचा रखा है। उनके हमले से 12 से अधिक लोग जख्मी हो चुके हैं। शुक्रवार सुबह दस बजे कस्बा बाजार निवासी दिलीप उर्फ चंचल की पत्नी पुष्पा देवी बच्चे को गोद में लेकर घर के बाहरी दरवाजे के पास बैठी थी। इसी दौरान एक बंदर कहीं से आया और झटके से उसकी गोद से बच्चे को छीन कर कुछ दूर भाग गया। अचानक हुई इस घटना से महिला और घरवाले सकते में आ गए। बाद में लोगों ने बंदर की घेराबंदी की, तो वह बच्चे को वहीं जमीन पर छोड़ कर भाग गया। बंदर के काटने से गंभीर रूप से जख्मी शिशु को जिला मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।