मधुबन। तहसील क्षेत्र के विकास खण्ड फतहपुर मंडाव अंतर्गत स्थित ग्राम पंचायत दुबारी के मनरेगा मजदूरों ने शनिवार को ग्राम प्रधान सपन कन्नौजिया के नेतृत्व में तहसील मुख्यालय पहुंचकर गांव के ही कुछ लोगों पर विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। साथ ही उपजिलाधिकारी मनोज कुमार तिवारी को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारी मनरेगा मजदूरों का कहना था कि बार बार निराधार शिकायत करने से नाली निर्माण, जल निकासी,चक मार्ग,रोड़ लाइट, पेय जल आदि का विकास कार्य प्रभावित हो रहा है जिस कारण मनरेगा मजदूर बेरोजगारी का दंश झेल रहें है। मजदूरों ने चेताया कि यदि विकास कार्यों में दबंग किस्म के लोगों द्वारा बार बार हस्तक्षेप करना बंद नहीं किया गया तो मनरेगा मजदूर बड़ा आंदोलन करनें को बाध्य होंगे। इस अवसर पर गिरिजा देवी, शीला देवी, लालता, जनक दुलारी, दीनानाथ, हरिशंकर पाल, राजेश, सनोज, संदीप आदि रहे।