सपा की पालिका कम्युनिटी हाल में हुई बैठक में रविवार को स्थानीय प्राधिकारी एमएलसी चुनाव के तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में पंचायत और निकाय के जनप्रतिनिधियों के साथ ब्लाक प्रमुख एवं जिला पंचायत सदस्य एवं अध्यक्ष शामिल हुए। इस दौरान चुनाव के प्रभारी राष्ट्रीय सचिव राजीव राय ने कहा कि यह चुनाव पार्टी के लिए प्रतिष्ठा का सवाल है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार जब से बनी है तब से पंचायतों में विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं है। इसे प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य के साथ अन्य जनप्रतिनिधि भी बखूबी समझ रहे हैं। स्थानीय प्राधिकरण के चुनाव में पार्टी ने अपनी पूरी ताकत लगा दी है।
एमएलसी रामजतन राजभर ने कहा कि उनका पूरा प्रयास है कि सपा का प्रत्याशी ऐतिहासिक मतों से जीत दर्ज करे। इसके लिए वह पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ जी जान से लगे हुए हैं। जिलाध्यक्ष धर्मप्रकाश यादव ने कहा कि संगठन के पदाधिकारी से लेकर कार्यकर्ता मतदाताओं के सीधे संपर्क में हैं।
इसके लिए विधानसभावार जिम्मेदारी भी सौंपी जा चुकी है। चुनाव में मतदाताओं को वोट दिलाने की जिम्मेदारी सभी सपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की है।