दक्षिणटोला थाना क्षेत्र के इमामगंज मोड़ स्थित एक कंपनी के आफिस में मंगलवार को गुस्साए लोगों ने तोड़फोड़ की और प्रदर्शन किया। कंपनी ने कोई भी सामान आधा दाम पर देने का झांसा देकर लोगों से लाखों हड़प लिया और उसके बाद भाग गई। जिसके बाद सैकड़ों की संख्या में लोग आफिस के बाहर पहुंचे और प्रदर्शन करने लगे।
आक्रोशित लोगों ने आफिस का ताला तोड़कर वहां रखे सारा सामान अपने साथ ले गए। इस दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंची। लोगों को समझा बुझाकर मामले की जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। सभासद प्रतिनिधि खुर्शीद की तहरीर पर पुलिस ने मकान मालिक सहित 14 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।
फरार कंपनी के कर्मचारियों ने शहर के इमामगंज मोड़ पर एक महीने पूर्व अपना आफिस खोला। आफिस में उसने फ्रिज, टीवी, आलमारी से लेकर घरेलू उपयोग की छोटे छोटे सामानों की एक प्रदर्शनी लगाई। जिसमें हर वस्तु को आधे दाम मेें 15 दिनों में देने का वादा करके शहर के लोगों के से लाखों रुपये वसूले। सैकड़ों लोगों ने आधे दाम पर सामान पाने के लिए काफी धनराशि लगा दी।
सोमवार की रात कंपनी के सभी कर्मचारी आफिस में ताला बंद कर वहां से भाग गए। जानकारी मंगलवार को लोगों को हुई। जिसके बाद सैकड़ों की संख्या में कंपनी के आफिस के बाहर पहुंचे लोगों ने ताला तोड़कर वहां से सारा सामान अपने साथ ले गए। इस दौरान पुलिस भी मौजूद रही।
कंपनी द्वारा धोखाधड़ी के मामले में सभासद प्रतिनिधि खुर्शीद कमाल ने दक्षिणटोला थाने में मकान मालिक सहित कंपनी 14 लोगों के खिलाफ जालसाजी और धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। इस संबंध में दक्षिणटोला थानाध्यक्ष सुरेश मिश्रा ने कहा कि कंपनी के लोगों का पता लगाया जा रहा है।